Ads Top

सात ताल सात झीलों का समूह | नैनीताल उत्तराखंड

सात ताल सात झीलों का समूह | नैनीताल उत्तराखंड



नमस्कार दोस्तों स्वागत है, आपका हमारे जय उत्तराखंडी समुदाय में आज हम आपको अपनी इस पोस्ट में सात ताल सात झीलों का समूह के बारे में विस्तारपूर्वक बताएंगे।

सात ताल सात झीलों का समूह उत्तराखंड के नैनीताल जिले से लगभग 23 किमी की दूरी पर स्थित हैं। सातताल एक अद्वितीय, अविस्मरणीय बांज के जंगलों के मध्य में स्थापित झीलों का समूह हैं।

सात ताल तक पहुँचने के लिए भीमताल से ही मुख्य मार्ग है। भीमताल से 'सातताल' की दूरी केवल 4 कि.मी. है। आजकल यहाँ के लिए एक दूसरा मार्ग माहरा गाँव से भी जाने लगा है। माहरा गाँव से सातताल केवल 7 कि.मी. दूर है। इस ताल में नौका-विहार करने वालों को विशेष सुविधायें प्रदान की गयी है। यह ताल पर्यटन विभाग की ओर से प्रमुख सैलानी क्षेत्र घोषित किया गया है। ताल के प्रत्येक कोने पर बैठने के लिए सुन्दर व्यवस्था कर दी गयी है। सारे ताल के आस-पास नाना प्रकार के फूल, लतायें लगायी गईं हैं। बैठने के अलावा सीढियों और सुन्दर- सुन्दर पुलों का निर्माण कर 'सातताल' को स्वर्ग जैसा ताल बनाया गया है। सचमुच यह ताल सौन्दर्य की दृष्टि से सर्वोपरि है। 

इंग्लैण्ड के वेस्ट मोरलैंड के साथ इसकी तुलना की जाती है। सात ताल की ओर आने पर पहली झील पुरानी नलदमयंती झील है। आगे की ओर बढ़ने पर स्टेनली जॉन्स नामक एक अमेरिकी मिशनरी का आश्रम है। अगली झील पन्ना या गरूड़ झील है। नीचे की ओर बढ़ने पर राम, लक्ष्मण एवं सीता झील, इन तीनों झीलों का समूह है।

सात झीलों का समूह सात ताल भवाली से मात्र 13 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहाँ के दृश्य यहाँ आए पर्यटकों को बहुत ही लुभाते हैं। एक साथ सात झीलों का आलौकिक रूप बस यहीं पर देखा जा सकता है। इसकी आकृति अश्वखर के समान है। इसकी लम्बाई 19 मीटर है, चौड़ाई 315 मीटर और गहराई 150 मीटर तक आंकी गयी है और यह समुद्र तल से 1288 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। यहाँ पर सात छोटी-छोटी झीलों का समूह है।

सात ताल में उपस्थित सात ताल के नाम :-

1. नल-दमयंती ताल

2. गरुड़ ताल

3. राम ताल

4. लक्ष्मण ताल

5. सीता ताल

6. पूर्ण ताल

7. सुखा ताल


नल-दमयंती ताल-

सबसे पहले जो ताल पड़ती है वो है नल-दमयंती ताल। माहरा गाँव से सात ताल जाने वाले मोटर-मार्ग पर यह ताल स्थित है। जहाँ से महरागाँव सातताल मोटर मार्ग शुरू होता है, वहाँ से तीन किलोमीटर बांयीं तरफ यह ताल है। इस ताल का आकार पंचकोणी है। 

पौराणिक कथाओं के अनुसार नल दमयन्ती झील का नाम एक राजा नल और उसकी पत्नी दमयन्ती के नाम पर पड़ा जो यहाँ पर आये थे और बाद में इस ताल में ही उनकी समाधि बन गयी। उस समय में यह ताल बहुत बड़ी थी और इससे लगभग पूरे गाँव में सिंचाई की जाती थी इसी कारण यहाँ की खेती भाबर की खेती को मात करती थी और यहाँ पर बहुत घना जंगल था जो अब खत्म होने लगा है। 

इसमें कभी-कभी कटी हुई मछलियों के अंग दिखाई देते हैं। ऐसा कहा जाता है कि अपने जीवन के कठोरतम दिनों में नल दमयन्ती इस ताल के समीप निवास करते थे। जिन मछलियों को उन्होंने काटकर कढ़ाई में डाला था, वे भी उड़ गयी थीं। कहते हैं, उस ताल में वही कटी हुई मछलियाँ दिखाई देती हैं।

उसी समय एक महात्मा के द्वारा इस झील में मछलियाँ पाली गई थी और ऐसी मान्यता रही कि इस झील में कभी भी मछलियाँ नहीं मारी जा सकती हैं। यह मान्यता आज भी बनी हुई है। जिस की वजह से इस झील में आज भी काफ़ी बड़ी और प्रमुख मछलियों का अस्तित्व बचा हुआ है। इन मछलियों में प्रमुख हैं सिल्वर कार्प, गोल्डन कार्प और महासीर जिन्हें बिना किसी मेहनत के झील के बिल्कुल साफ़ पानी में यहाँ वहाँ घूमते हुए आसानी के साथ देखा जा सकता है।

गरुड़ ताल-

इसके बाद गरुड़ ताल पड़ती है। यह छोटी सी ताल है और इसका पानी बहुत ही साफ़ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस झील के पास पांडवों के वनवास के दौरान द्रौपदी ने अपनी रसोई बनाई थी। द्रौपदी द्वारा इस्तेमाल किये जाने वाले सिल-बट्टा आज भी यहाँ पर पत्थरों के रूप में मौजूद है। स्थानीय लोगों की ऐसी मान्यता है कि इस पूरे इलाके में पांडव अपने वनवास के दौरान रहे थे।

राम, लक्ष्मण, सीता ताल-

इसी ताल से कुछ आगे राम, लक्ष्मण, सीता ताल है। यह ताल सबसे बड़ी ताल है जिसमें तीनों ताल एक साथ जुड़ी हुई है। कहा जाता है की यहाँ पर राम, लक्ष्मण, सीता रहा करते थे। यहाँ पांडव लोग भी रहे थे और यहीं भीम ने हिडिंबा राक्षसी का अंत किया था।

सूखा ताल और पूर्ण ताल-

सूखा ताल और पूर्ण ताल झीलों का अस्तित्व लापरवाहियों के चलते अब समाप्त हो गया है। पर इन दो झीलों के अलावा जो झीलें हैं वो आज भी अच्छी स्थिति में हैं। यहाँ एक प्राचीन चर्च भी है जो अपने शिल्प के लिये काफ़ी मशहूर है। सातताल से ही 7-8 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई तय करके हिडिंबा देवी का मंदिर भी है। इस मंदिर में जो बाबा जी रहते हैं उन्होंने कई प्रजातियों के पेड़-पौंधे, फूल और जड़ी-बूटियां यहाँ पर लगाई हैं जिस कारण इस स्थान पर विभिन्न प्रजातियों की चिड़ियाँ देखने को भी मिल जाती हैं।

उम्मीद करते है, कि आपको हमारी यें पोस्ट पसन्द आयी होगी।

उत्तराखंड के इतिहास, सांस्कृतिक, साहित्यिक, उत्तराखंड के सौंदर्य, प्राचीन धार्मिक परम्पराओं, धार्मिक स्थलों, खान-पान, दैवीक स्थलों, धार्मिक मान्यताएँ, संस्कृति, प्रकार्तिक धरोहर और लोक कला के साथ-साथ काव्य और कहानी संग्रह के बारे मेंं विस्तार पूर्वक में जानकारी प्राप्त करने के लिए हमारे

YOUTUBE CHANNEL को जरूर SUBSCRIBE करें।

Youtube Channel Link-


हमारे टेलीग्राम चैनल उत्तराखंडी भारत से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें - टेलीग्राम उत्तराखंडी भारत

हमारे फेसबुक पेज जय उत्तराखंडी से जुड़ने के लिए यहाँ पर क्लिक करें - फेसबुक पेज जय उत्तराखंडी



कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.

Blogger द्वारा संचालित.