Ads Top

गर्जिया ( गिरिजा ) देवी मंदिर, रामनगर | Garjiya ( Girija ) Devi Mandir, Ramnagar

गर्जिया ( गिरिजा ) देवी मंदिर, रामनगर | Garjiya ( Girija ) Devi Mandir, Ramnagar


नमस्कार दगड़ियों आज हम आपको अपनी इस पोस्ट में उत्तराखंड के रामनगर में स्थित माता रानी गर्जिया ( गिरिजा ) देवी मंदिर के बारे में बताएंगे।



गर्जिया देवी मन्दिर या गिरिजा देवी मन्दिर उत्तराखण्ड राज्य के नैनीताल जिले में रामनगर शहर के सुंदरखाल गाँव से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी में स्थित है, जो माता पार्वती के प्रमुख मंदिरों में से एक है यह मंदिर श्रद्धा एवं विश्वास का अद्भुत उदाहरण है। उत्तराखण्ड का यह प्रसिद्ध मंदिर एक छोटी सी पहाड़ी के ऊपर बना हुआ है।



जिसके ठीक नीचे कोसी नदी मंदिर के निकट से होकर बहती है, जहाँ का खूबसूरत वातावरण शांति एवं रमणीयता का एहसास दिलाता है। देवी के प्रसिद्ध मन्दिरों में गिरिजा देवी (गर्जिया देवी) का स्थान अद्वितीय है। गिरिराज हिमालय की पुत्री होने के कारण ही इन्हें इस नाम से पुकारा जाता है। मान्यता है कि जिन मन्दिरों में देवी वैष्णवी के रूप में स्थित होती हैं, उनकी पूजा पुष्प प्रसाद से की जाती है और जहाँ शिव शक्ति के रूप में होती हैं, वहाँ बलिदान का प्रावधान है।

गर्जिया ( गिरिजा ) देवी मंदिर का इतिहास-


पुरातत्ववेत्ताओं का कथन है कि कूर्मांचल की सबसे प्राचीन बस्ती ढिकुली के पास थी, जहाँ पर वर्तमान रामनगर बसा हुआ है। कोसी नदी के किनारे बसी इसी नगरी का नाम तब 'वैराट पत्तन' या 'वैराट नगर' था। कत्यूरी राजाओं के आने के पूर्व यहाँ पहले कुरु राजवंश के राजा राज्य करते थे, जो प्राचीन इन्द्रप्रस्थ (आधुनिक दिल्ली) के साम्राज्य की छत्रछाया में रहते थे। 



ढिकुली, गर्जिया क्षेत्र का लगभग 3000 वर्षों का अपना इतिहास रहा है। प्रख्यात कत्यूरी राजवंश, चन्द्र राजवंश, गोरखा वंश और अंग्रेज़ शासकों ने यहाँ की पवित्र भूमि का सुख भोगा है। गर्जिया नामक शक्ति स्थल सन 1940 से पहले उपेक्षित अवस्था में था, किन्तु 1940 से पहले की भी अनेक दन्तश्रुतियाँ इस स्थान का इतिहास बताती हैं। वर्ष 1940 से पूर्व इस मन्दिर की स्थिति आज जैसी नहीं थी। 

कालान्तर में इस देवी को उपटा देवी (उपरद्यौं) के नाम से जाना जाता था। तत्कालीन जनमानस की धारणा थी कि वर्तमान गर्जिया मंदिर जिस टीले में स्थित है, वह कोसी नदी की बाढ़ में कहीं ऊपरी क्षेत्र से बहकर आ रहा था। मंदिर को टीले के साथ बहते हुये आता देखकर भैरव देव द्वारा उसे रोकने के प्रयास से कहा गया- 

"थि रौ, बैणा थि रौ" अर्थात् 'ठहरो, बहन ठहरो', यहाँ पर मेरे साथ निवास करो। तभी से गर्जिया में देवी उपटा में निवास कर रही हैं।

गर्जिया ( गिरिजा ) देवी मंदिर की धार्मिक मान्यताएं-


मान्यता है कि वर्ष 1940 से पूर्व यह क्षेत्र भयंकर जंगलों से भरा पड़ा था। सर्वप्रथम जंगल विभाग के तत्कालीन कर्मचारियों तथा स्थानीय छुट-पुट निवासियों द्वारा टीले पर मूर्तियों को देखा गया और उन्हें माता जगजननी की इस स्थान पर उपस्थिति का एहसास हुआ। एकान्त सुनसान जंगली क्षेत्र, टीले के नीचे बहती कोसी नदी की प्रबल धारा, घास-फूस की सहायता से ऊपर टीले तक चढ़ना, जंगली जानवरों की भयंकर गर्जना के बावजूद भी भक्तजन इस स्थान पर माँ के दर्शनों के लिये आने लगे। जंगल के तत्कालीन बड़े अधिकारी भी यहाँ पर आये थे। कहा जाता है कि टीले के पास माँ दुर्गा का वाहन शेर भयंकर गर्जना किया करता था। कई बार शेर को इस टीले की परिक्रमा करते हुये भी लोगों द्वारा देखा गया।


गर्जिया मंदिर में भक्तों की मनोकामना पूर्ण होने पर वे मन्दिर में घण्टी या छत्र आदि चढ़ाते हैं। विशेष नवरात्र तथा गंगा स्नान पर हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु यहाँ आते हैं। अनुमान है कि वर्ष भर में पांच लाख से भी ज़्यादा श्रद्धालु यहाँ आते हैं। अन्य जानकारी के अनुसार गर्जिया देवी मन्दिर में पहुँचने से पहले श्रद्धालु कोसी नदी में स्नान करते हैं। नदी से मन्दिर तक जाने के लिये 90 सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरों मन्दिर, शिव मन्दिर के दर्शन करते हैं तथा खिचड़ी चढाते हैं।

जय माता दी।


उम्मीद करते है, आपको पोस्ट पसन्द आयी होगी।


उत्तराखंड के इतिहास, सांस्कृतिक, साहित्यिक, उत्तराखंड के सौंदर्य, प्राचीन धार्मिक परम्पराओं, धार्मिक स्थलों, खान-पान, दैवीक स्थलों, धार्मिक मान्यताएँ, संस्कृति, प्रकार्तिक धरोहर और लोक कला के साथ-साथ काव्य और कहानी संग्रह के बारे मेंं विस्तार पूर्वक में जानकारी प्राप्त करने के लिए हमारे
YOUTUBE CHANNEL को जरूर SUBSCRIBE करें।

Youtube Channel Link-




कोई टिप्पणी नहीं:

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.

Blogger द्वारा संचालित.